logo

मुख्यमंत्री ने किया सब्जी मार्केट का उद्घाटन, कहा रखरखाव की जिम्मेवारी जनता की भी

मुख्यमंत्री ने किया सब्जी मार्केट का उद्घाटन, कहा रखरखाव की जिम्मेवारी जनता की भी

द फॉलोअप टीम, रांची : 
रांची में नवनिर्मित सब्जी मार्केट का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को किया। 250 सब्जी विक्रेताओं को इसमें दुकान लगाने का स्थान मिल सकेगा। इसका निर्माण 10.86 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। बुधवार को उद्घाटन के दौरान रांची के सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने शिलापट का अनावरण किया और इसके बाद मौजूद लोगों को संबोधित किया। 

रखरखाव की जिम्मेवारी जनता की भी 
हेमंत सोरेन ने कहा कि पूरे परिसर में चारों तरफ सीसीटीवी फुटेज लगे हैं। इसके माध्यम से आंकलन करना आसान होगा और पता चल सकेगा कि यहां आने वाले लोग कितने सभ्य हैं। उन्होंने कहा कि सब्जी मार्केट के रखरखाव की जिम्मेवारी जनता की भी है। यह मार्केट आपके परिवार के जीवन यापन का माध्यम है। यदि आप यहां तोड़-फोड़ करेंगे, संपत्ति को नुसान पहुंचाएंगे, तो इसका प्रभाव आपके साथ सैकड़ों लोगों के परिवार पर पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों को नए मार्केट की शुभकामनाएं दी और कहा कि वे भी यहां सब्जी खरीदने आया करते थे।
 
क्या कुछ है सब्जी मार्केट में 
कचहरी स्थित नागा बाबा खटाल के पास बन रहे इस मार्केट में खरीदारों की सुविधा का भी खयाल रखा गया है। पार्किंग के लिए 45 कार और 100 बाइक की जहग है। पूरे कैंपस में 64 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उपरी तल्ले पर 7 ओपन किचन बने हैं, जहां फूड जोन होगा। मार्केट में 40 ठेले लगाने का भी स्थान है।